ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : विकास खंड पहला अंतर्गत ग्राम पंचायत फिरोजपुर के मजरा बेहटी मानशाह में सीसी रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई न होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है। इससे ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अब तक इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में तैनात सफाई कर्मचारी द्वारा समय-समय पर नालियों की सफाई नहीं कराई जाती, जिसके कारण नालियां चोक हो जाती हैं और उनका गंदा पानी सीसी रोड पर फैल जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो गई है। सड़क पर जलभराव होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर सड़क पर फिसलन होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नियमित रूप से नालियों की सफाई कराई जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो इस समस्या से आसानी से निजात मिल सकती है। उनका यह भी कहना है कि लंबे समय तक जलभराव बने रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए नालियों की सफाई कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
इस संबंध में ग्राम प्रधान विवेक कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी प्राप्त हो गई है। संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है तथा सीसी रोड पर जलभराव की समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।
