ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : महमूदाबाद ग्रामीण इलाके में शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करने की अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सहयोग छात्र शिक्षा समिति ने मंगलवार को तीन छात्राओं को कक्षा 12 का पाठ्यक्रम निःशुल्क उपलब्ध कराया। संस्था के इस प्रयास से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिलेगी।
संस्था कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में समिति के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार एवं कार्यालय प्रभारी आशीष कुमार ने ग्राम फिरोजपुर निवासी रूबी यादव (पुत्री संतोष कुमार), सुषमा देवी (पुत्री उमेश कुमार) तथा मोहिनी देवी (पुत्री लेखराम) को कक्षा 12 की आवश्यक अध्ययन सामग्री एवं पाठ्यक्रम प्रदान किया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, नियमित रूप से परीक्षा की तैयारी करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के विकास का सबसे मजबूत आधार है तथा कोई भी छात्र-छात्रा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, यही समिति का उद्देश्य है।
समिति के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि सहयोग छात्र शिक्षा समिति भविष्य में भी जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता करती रहेगी, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी छात्र के सपनों के आड़े न आए। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संदेश दिया।
संस्था के इस सामाजिक एवं शैक्षिक पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया।
