महमूदाबाद :किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (टिकैत) का प्रदर्शन, एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर महमूदाबाद तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।

तहसील अध्यक्ष सम्मत कुमार वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) महमूदाबाद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कृषि व्यवस्था में सुधार और किसानों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने कहा कि वर्तमान खाद वितरण व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इसे समाप्त कर पहले की व्यवस्था बहाल की जाए तथा सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर खाद की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

किसानों ने बताया कि महमूदाबाद तहसील क्षेत्र में रबी, खरीफ और जायद तीनों फसलें उगाई जाती हैं, लेकिन जायद सीजन के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे खेती प्रभावित होती है।

भाकियू (टिकैत) ने यह भी मांग की कि एक सचिव के पास कई सहकारी समितियों का अतिरिक्त प्रभार होने के कारण खाद वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसलिए प्रत्येक सहकारी समिति पर अलग-अलग सचिवों की नियुक्ति की जाए, ताकि किसानों को समय पर उर्वरक मिल सके।

ज्ञापन में किसानों ने स्वामीनाथन आयोग की सी-2+50 प्रतिशत लागत के आधार पर सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, किसानों एवं कृषि मजदूरों की संपूर्ण ऋणमाफी, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली, डीएपी, यूरिया समेत सभी उर्वरकों की समय पर उपलब्धता तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई।

इसके अलावा मनरेगा के तहत ग्रामीण मजदूरों को 200 दिन का रोजगार और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
भाकियू (टिकैत) ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष सम्मत कुमार वर्मा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *