बालू से लदे खड़े ट्रक में बाइक सवार की भीषण टक्कर, इलाज के दौरान मौत ,ट्रक पुलिस के कब्जे में, चालक फरार

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी सिरौली के अंतर्गत महमूदाबाद–सिधौली मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बीचपरी मोड़ के पास सड़क पर खड़े बालू से लदे ट्रक में मोटरसाइकिल जा भिड़ी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शंकरपुर मजरे सरैया बलदेव सिंह गांव निवासी मुजीब पुत्र महबूब (उम्र लगभग 28 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP 34 AZ 1697 से बिरासी गांव बोरिंग का कार्य करने वाले मजदूरों को लेने उनके गांव को जा रहा था। मुजीब स्वयं भी बोरिंग करने का कार्य करता है। इसी दौरान बीचपरी मोड़ के पास सड़क पर खड़े बालू से लदे ट्रक से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट न पहनने के कारण मुजीब के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सिरौली से कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल विख्यात तथा डायल 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद भेजवाया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर किया गया था । जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *