ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : थाना अटरिया इलाके में शुक्रवार को आपसी विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को उग्र हालात का सामना करना पड़ा। अटरिया थाना क्षेत्र के नीलगांव मार्ग पर स्थित भगौतीपुर चौराहे के पास दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार जानकीनगर गांव निवासी दिनेश यादव और मंटू पाल के बीच चल रहे विवाद के दौरान दोनों पक्षों द्वारा ईंट-पत्थर चलाए जाने लगे। सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया, जिससे पीआरवी के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस की तत्परता से हालात पर काबू पाया गया और इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई।
सिधौली क्षेत्राधिकारी कपूर कुमार ने बताया कि मामले में आरोपियों को हिरासत में लिया गया है तथा संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
