अर्धवार्षिक परीक्षा परिणामों के साथ अभिभावक–शिक्षक बैठक में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर मंथन
ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद ग्रामीण क्षेत्र में स्थित श्री महावीर प्रसाद मिश्र मेमोरियल शिक्षण संस्थान, नीरपुर सदरावां में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए तथा इसके साथ अभिभावक–शिक्षक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों के शैक्षिक, मानसिक एवं नैतिक विकास पर व्यापक संवाद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या एकता मिश्रा एवं प्रधानाध्यापक उमाशंकर वर्मा द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर विधिवत दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय परिवार द्वारा नव वर्ष के आगमन को शिक्षा और संस्कार से जोड़ते हुए सार्थक संदेश दिया गया। शिक्षा के साथ संस्कार पर दिया गया विशेष बल
अभिभावक–शिक्षक संवाद के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई की गुणवत्ता, अनुशासन, व्यवहार, नियमित उपस्थिति तथा भविष्य की शैक्षिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की दैनिक पढ़ाई, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करने पर विशेष मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावक का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। बैठक में कई अभिभावकों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें विद्यालय प्रबंधन द्वारा सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया।
अभिभावकों का सम्मान, नववर्ष की शुभकामनाएं
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा उपस्थित सभी अभिभावक बंधुओं को नव वर्ष का कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें नव वर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
प्रबंधक ने जताया आभार : विद्यालय प्रबंधक श्रीनिवास मिश्र ने कार्यक्रम में आए सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न होकर चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी का माध्यम है, जिसे विद्यालय पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
