कंडौरा में मुख्यमार्ग किनारे बना गहरा गड्ढा, किसी बड़े हादसे को दे सकता है दावत

बेहमा–भरथर मार्ग पर हुए हादसे के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार

ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर : थाना रामपुर कलां क्षेत्र के कंडौरा में स्थित भोलेनाथ मंदिर के पास महमूदाबाद–सिधौली मुख्य मार्ग के किनारे लंबे समय से एक गहरा गड्ढा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह गड्ढा धीरे-धीरे और बड़ा रूप लेता जा रहा है, जिससे किसी भी समय राहगीरों के लिए यह बड़ी मुसीबत बन सकता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

इसी तरह की लापरवाही का उदाहरण हाल ही में बेहमा से भरथर मार्ग पर भी देखने को मिला था। नहर पुलिया के आगे मुख्य मार्ग के किनारे काफी दिनों से बना गहरा गड्ढा ग्रामीणों और मीडिया द्वारा कई बार इस मुद्दे को उठाए जाने के बावजूद भी अनदेखा किया गया। परिणामस्वरूप बीते शुक्रवार को मोहम्मदपुर कलां गांव निवासी राम सिंह की उसी गड्ढे में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद आनन-फानन में विभाग द्वारा उस गड्ढे को भरवाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या इसी तरह कंडौरा मंदिर के पास बने गड्ढे को भी तब देखा जाएगा, जब कोई बड़ा हादसा हो जाएगा? सड़क किनारे बना यह गड्ढा आए दिन लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की उदासीनता चिंता का विषय बनी हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस गड्ढे की मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *