ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद के विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत सरैया बलदेव सिंह के छोटी सरैया गांव निवासी कमलेश कुमार का परिवार बीते लगभग 20 वर्षों से त्रिपाल की बनी झोपड़ी में जीवन यापन करने को मजबूर है। सरकारी योजनाओं के दावों के बावजूद आज तक इस परिवार को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है,
जिससे उनकी परेशानी लगातार बढ़ती ही जा रही है।
कमलेश कुमार पुत्र स्वर्गीय पुत्तू ने बताया कि वह अपनी पत्नी अनीता देवी और छोटे-छोटे बच्चों बबली, गुड्डू, राजकुमार और आरूषी के साथ बेहद दयनीय परिस्थितियों में रह रहे हैं। बरसात और सर्दी के मौसम में झोपड़ी में रहना और भी मुश्किल हो जाता है, जिससे परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि गांव में हर वर्ष प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत कई लोगों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधान से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
कमलेश कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें भी आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि उनका भी परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सके।
साथ ही स्थानीय लोगों का भी कहना है कि पात्र होने के बावजूद यदि किसी को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, तो यह जांच का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत देने की मांग की है।
