ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जनपद में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 26 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों को त्यौहार के दौरान कानून-व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि होली के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था एवं अग्निशमन सेवाएं पूर्णतः सक्रिय और सुचारु रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां पैदल गश्त बढ़ाई जाए तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों का सहयोग लिया जाए, जिससे आपसी सौहार्द और भाईचारा बना रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सभी धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे होली पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जनपद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
बैठक में जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी/दक्षिणी, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु उपस्थित रहे।
