ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : जनपद के थानगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रेतीपुरवा के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं अस्पताल प्रशासन पर इलाज में देरी और एम्बुलेंस उपलब्ध न कराने के आरोप लगाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संवलिया गांव निवासी दिलीप पुत्र रामनरेश अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक भी बुरी तरह जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार शुरू करने में काफी देर की गई। इलाज के दौरान दिलीप ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की मां मीना देवी ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर समुचित उपचार मिलता तो शायद उनके बेटे की जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों का यह भी कहना है कि आवश्यक दवाएं अस्पताल में उपलब्ध न होने के कारण उन्हें बाहर से दवाएं मंगवानी पड़ीं, जिस पर लगभग एक हजार रुपये खर्च हुए। इसके बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और युवक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के विरुद्ध जांच की मांग की।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
