ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद के नगर पंचायत पैंतेपुर क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला जनी टोला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत निर्मित आकर्षक एवं सुसज्जित पार्क का गुरुवार दोपहर महमूदाबाद की भाजपा विधायक आशा मौर्य ने विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक आशा मौर्य ने कहा कि यह पार्क क्षेत्र की जनता, विशेषकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार है। उन्होंने कहा कि अब बच्चों को सुरक्षित स्थान पर खेलकूद की सुविधा मिलेगी, युवा वर्ग खुले वातावरण में व्यायाम कर सकेगा और नागरिक सुबह-शाम टहलकर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि नगर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। यह पार्क न केवल सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देगा, बल्कि सामाजिक मेल-जोल और स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करेगा।
इस कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष जैनब उरूज आलम, पैंतेपुर मंडल अध्यक्ष अम्बरीष वर्मा, दुर्गेश गुप्ता, प्रदीप सिंह, रवि अवस्थी, प्रिंस मौर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए नगर विकास के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
