रमजान व होली को लेकर महमूदाबाद थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक संपन्न, अधिकारियों ने जनता से कि अपील

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद परिसर में आगामी रमजान माह एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महमूदाबाद उपजिलाधिकारी बाल कृष्ण सिंह एवं क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए कोतवाली महमूदाबाद प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि इस वर्ष रमजान और होली का पर्व लगभग एक ही समय पर पड़ रहा है। ऐसे में सभी नागरिक आपसी भाईचारा, सौहार्द और परंपरागत सहयोग की भावना बनाए रखें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में होली दहन स्थल या रमजान से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों या पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते समाधान कराया जा सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं डीजे या अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तो ध्वनि स्तर एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में थाना क्षेत्र की सभी चौकियों के चौकी प्रभारी, ग्राम प्रधान, सभासद एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। क्षेत्रीय लोगों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को साझा किया।

अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। बैठक का समापन आपसी सहयोग और सद्भाव बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *