ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना अटरिया क्षेत्र के मनवा चौकी व गोधना के पास लखनऊ–सीतापुर मुख्य मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रही सवारियों से भरी रोडवेज बस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने अचानक बस में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बस के आगे वाले हिस्से में फंस गई और काफी दूरी तक सड़क पर रगड़ती हुई घिसटती चली गई। रगड़ से उठी चिंगारी ने कुछ ही क्षणों में आग का रूप ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी।
स्थिति गंभीर होती देख बस चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतरवा लिया। यात्रियों के नीचे उतरते ही बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बेहद गंभीर हो सकता था, लेकिन समय रहते बस चालक और स्थानीय लोगों की सक्रियता से बड़ी जनहानि टल गई। घटना में न तो कोई घायल हुआ और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई। बस में सवार सभी यात्री तथा बाइक सवार पूरी तरह सुरक्षित हैं।
