ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: महमूदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम बनियनपुरवा (बिलासपुर कलां) में दोपहर लगी भीषण आग ने चार गरीब परिवारों की जिंदगी को पूरी तरह तबाह कर दिया। आग की लपटों में चार झोपड़ियां जलकर राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि पीड़ित मायावती के घर में आने वाले दिनों में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं। 20 अप्रैल को तिलक और 5 मई को शादी तय थी, लेकिन आग ने सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया। शादी के लिए जुटाया गया सामान और करीब ₹1.60 लाख नकद भी जलकर नष्ट हो गया है। जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई मवेशी झुलस गए, जो ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख साधन थे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री व भोजन उपलब्ध कराया। साथ ही नुकसान का आकलन कर सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों की मांग और अपील: ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा, आवास और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें। साथ ही मायावती के परिवार की बेटी की शादी को देखते हुए विशेष सहायता देने की भी अपील की गई है।
गांव के लोगों ने समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से भी आगे आकर मदद करने की गुहार लगाई है, ताकि पीड़ित परिवारों को इस संकट की घड़ी में सहारा मिल सके। यह घटना न सिर्फ एक हादसा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा और त्वरित सहायता व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत को भी उजागर करती है।
