सोनभद्र में जुगैल थाना क्षेत्र में अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो रिपोर्ट,सोनभद्र : जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवारी टोला भरगोन केरवा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लगभग 50 वर्षीय पन्नालाल पुत्र हीरालाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने पन्ना लाल को उनके घर के पीछे बिजली के खंभे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल जुगैल थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रणय प्रशांत श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।     थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृतक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *