ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: कोतवाली बिसवां क्षेत्र के अंतर्गत सिधौली मार्ग पर चौपान शहीद गेट के पास तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर ऑटो से जा भिड़ी। हादसे में बुलेट सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर से ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमानाबाद गांव निवासी शुभम यादव (25) पुत्र सुरेश यादव बुलेट से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार तेज थी। चौपान शहीद गेट के सामने अचानक बाइक अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद शुभम सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल युवक को तत्काल बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
