छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के आरोपी की 12 घंटे में गिरफ्तारी, थानगाँव पुलिस टीम ने मुठभेड़ में पकड़ा गया

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना थानगांव क्षेत्र में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा नकदी बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को थाना थानगांव क्षेत्र में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मामले में थाना थानगांव पर मुकदमा अपराध संख्या 182/26 के तहत धारा 96, 65(2) बीएनएस तथा 5M/6 पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में थाना थानगांव समेत अन्य पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस का दावा है कि 22 सितंबर को थाना थानगांव पुलिस टीम ने ग्राम बेर्रा के पास आरोपी अवधराम उर्फ भोले शंकर पुत्र बुद्धा निवासी ग्राम सद्दुपुर महरिया, थाना सदरपुर, सीतापुर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मौके से आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 350 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक सीतापुर की ओर से कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को सराहनीय कार्य के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *