सावित्री बालिका इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव समारोह संपन्न

ब्यूरो रिपोर्ट,रायबरेली : नसीराबाद के विकास खंड छतोह के ग्राम मेहंदीगंज स्थित सावित्री बालिका इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सावित्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षण संस्थानों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कारों की शिक्षा भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है और अच्छे नागरिक के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

विशिष्ट अतिथि पूर्व समाजसेवी रमाकांत तिवारी ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक जौहरी हीरे को तराशकर अनमोल बनाता है, उसी प्रकार गुरुजन बच्चों के व्यक्तित्व को संवार कर उन्हें समाज के लिए उपयोगी बनाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार एवं सुभाष चंद्र ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, अभिनय गीत, समूह नृत्य एवं लोकनृत्य जैसी विविध प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर सुभाष चंद्र शुक्ला, रामबरण त्रिपाठी, प्रीति यादव, नरेंद्र सिंह, भीम मौर्य, राम नरेश यादव, विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका त्रिपाठी एवं प्रबंधक अभिषेक विक्रम सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार को सभी अतिथियों ने शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *