ब्यूरो रिपोर्ट,बहराइच : जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनज़र विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी करते हुए सभी विद्यालयों का संचालन समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया है।
यह आदेश 18 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, राजकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय (सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड सहित) नए निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगे।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में चल रही शीतलहर और घने कोहरे के कारण यह निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। यह निर्देश जिलाधिकारी के अनुमोदन के पश्चात जारी किए गए हैं।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय निर्धारित समय का पालन नहीं करता है, तो संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित समय पर ही विद्यालय भेजें और मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें।
