ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र में मंगलवार की रात लगभग करीब 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिरौली चौराहे से आगे, जनता ईंट भट्ठा के पास महमूदाबाद–सिधौली मुख्य मार्ग पर गन्ना लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान सिरौली गांव निवासी राकेश पुत्र देशराज अपनी पत्नी सुमन के साथ बेहटी मानशाह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे कि अचानक उनकी बाइक खड़ी ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल राकेश व उनकी पत्नी सुमन को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राकेश की हालत गंभीर बताकर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
इस संबंध में पुलिस चौकी सिरौली प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची थी। घायल को अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
