ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर। वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सीतापुर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विकास खंड पहला क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर कला में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत में हुए 1,69,620 रुपये के गबन के मामले में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने ग्राम प्रधान सुशीला गौतम के सभी वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए हैं।
इसी प्रकरण में गंभीर आरोपों के घेरे में आए ग्राम पंचायत सचिव चंद्र प्रकाश को विभागीय आदेश के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्यों से जुड़े भुगतानों में अनियमित व्यय, प्रक्रियागत उल्लंघन और स्पष्ट वित्तीय हेराफेरी सामने आई थी।
जांच मुख्य विकास अधिकारी तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की टीम द्वारा की गई, जिसमें पाया गया कि विकास कार्यों के नाम पर धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। प्रशासन के अनुसार सरकारी धन की हेराफेरी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में सचिव चंद्र प्रकाश यादव की तैनाती रामपुर मथुरा ब्लॉक में थी, जहाँ से उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
