क्रिकेट लीग के दौरान बवाल, पुलिस हस्तक्षेप से हुआ समझौता, टूर्नामेंट रद्द

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद के रामपुर मथुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पठान पुरवा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट उस समय विवाद का शिकार हो गया, जब टीमों और आयोजन समिति के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। यह आयोजन ग्राम पंचायत छतौनी के अंतर्गत चल रहा था।विवाद बढ़ने के साथ ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ एकत्र हो गई।

हालात बिगड़ते देख स्थानीय थाना थान गांव की पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। देर शाम सभी संबंधित पक्षों के बीच आपसी समझौता करा दिया गया, जिसके बाद सभी टीमों को सुरक्षित रूप से वापस भेज दिया गया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हो गई।

घटना के चलते क्रिकेट टूर्नामेंट को सेमीफाइनल चरण से ही रद्द करना पड़ा। टूर्नामेंट में सूहीपुर टीम फाइनल में पहुंच चुकी थी, जबकि चिखड़ी फाइटर्स टीम और बाबा कुटिया टीम सेमीफाइनल मुकाबले में थीं। चिखड़ी फाइटर्स टीम के कप्तान शुभम् सिंह तथा बाबा कुटिया टीम के कप्तान विकास कटप्पा बताए गए हैं। पुलिस की तत्परता से किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सका और स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *