नाली सफाई के बाद सड़क पर फैला कचरा, ग्रामीणों में नाराज़गी , जिम्मेदारों की लापरवाही उजागर

ब्यूरो रिपोर्ट,श्रावस्ती : जनपद के विकासखंड इकौना अंतर्गत ग्राम सभा रामपुर कटेल में नाली सफाई के बाद निकाला गया कचरा सड़क पर ही छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैले कचरे से जहां गंदगी बढ़ रही है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार डॉ. कृष्णदेव शर्मा के घर से लेकर जगत राम राव के घर तक नाली से निकला कचरा अभी तक सड़क किनारे और खड़ंजे पर बिखरा पड़ा है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है और लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण किशोरी लाल विश्वकर्मा, भगत राम राव, प्रताप राव सहित अन्य लोगों ने ग्राम प्रधान को अवगत कराते हुए कचरा शीघ्र हटवाने की मांग की थी। बावजूद इसके अब तक न तो सफाई कर्मी पहुंचे और न ही ग्राम प्रधान द्वारा इस समस्या पर कोई ध्यान दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि मजबूर होकर उन्होंने जिलाधिकारी श्रावस्ती को भी प्रार्थना पत्र सौंपा है, लेकिन शिकायत किए जाने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क पर पड़े कचरे को हटवाकर साफ-सफाई कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बीमारी का खतरा टल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *