बलरामपुर इलाके में नहरों की बदहाली से किसान परेशान, फसलें सूखने की कगार पर , जिम्मेदार समस्या से अनजान

ब्यूरो रिपोर्ट,बलरामपुर : तहसील गैसड़ी इलाके में नहरों की बदहाल स्थिति के चलते किसान गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। समय पर नहरों की सफाई न होने और टेल तक पानी न पहुंचने के कारण खेतों में सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे किसानों की खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। सिंचाई व्यवस्था चरमराने से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि उन्होंने कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नहरों में सिल्ट, झाड़-झंखाड़ और गाद जमा होने से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है। इसका सीधा असर गेहूं, मसूर, सरसों सहित अन्य रबी फसलों पर पड़ रहा है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र नहरों की सफाई कराकर टेल तक पानी नहीं पहुंचाया गया, तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। किसानों का आरोप है कि नहरों की सफाई केवल कागजों में दिखायी जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत बेहद खराब है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल प्रभाव से नहरों की सिल्ट सफाई कराने और नियमित सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसानों को राहत मिल सके और फसलों को बचाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *