मलिहाबाद इलाके में बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों की मुसीबत, जल्द मरम्मत कराए जाने की राहगीरों की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ: मलिहाबाद के विकासखंड की ग्राम पंचायत रुसैना के मजरा शाही खेड़ा को जोड़ने वाला मार्ग इन दिनों बेहद जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लगभग 300 मीटर लंबा यह रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क की बदहाली के कारण पैदल चलने वालों से लेकर दोपहिया वाहन चालकों तक सभी को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीण जयराम ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। खराब सड़क के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *