सिर कटी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, 12 साल पुराने हत्याकांड से जुड़े निकले तार ,भाई व बहन को गिरफ्तार कर की गई कार्रवाई

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना संदना क्षेत्र में खेत से मिले अज्ञात व्यक्ति के सिर कटे धड़ की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शशी देवी और उसके भाई रिंकू को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त धारदार लोहे का बांका और मृतक के कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में इस हत्याकांड के तार करीब 12 वर्ष पुराने हत्या के एक मामले से भी जुड़े सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार : 26 जुलाई 2026 को संदना थाना क्षेत्र के ग्राम पट्टी नेवादा में सूरज बली पुत्र गोबरे, निवासी देवरी खुर्द के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा धड़ बरामद हुआ था। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। ग्राम प्रधान की तहरीर पर 27 जुलाई को संदना थाने में मुकदमा संख्या 203/2026, धारा 103(1), 238(a) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों से हुई मृतक की पहचान : पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, सुरागरसी और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मृतक की पहचान भुपई यादव पुत्र बच्चू यादव, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी ग्राम बहूनगर, थाना खैराबाद, सीतापुर के रूप में हुई।

जांच में शशी देवी पत्नी स्वर्गीय गोविंद कुमार, निवासी नईगढ़ी मजरा धरौली, थाना संदना और उसके भाई रिंकू पुत्र मटरू उर्फ मास्टर, निवासी ग्राम भरौना, थाना संदना के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

निशानदेही पर खेत से मिला मृतक का सिर : पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब 200 मीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में खेत के कोने में गड्ढा खोदकर छिपाया गया भुपई यादव का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। इसके अलावा झाड़ियों से धारदार लोहे का बांका और मृतक की काली चेकदार शर्ट व सफेद शैण्डो बनियान भी बरामद हुई।

12 साल पुराने हत्याकांड से जुड़ा सामने आया मामला : पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि करीब 12-14 वर्ष पूर्व वर्ष 2014 में शशी देवी और मृतक भुपई यादव पर शशी देवी के पति गोविंद कुमार की हत्या में शामिल होने का आरोप लगा था। इस संबंध में थाना बक्शी का तालाब, लखनऊ में मुकदमा संख्या 133/2014, धारा 302 और 201 आईपीसी के तहत मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, शशी देवी करीब छह माह बाद जमानत पर बाहर आ गई थी, जबकि भुपई यादव जेल में रहा और करीब दो वर्ष पूर्व जेल से बाहर आया था।

पुलिस के अनुसार, हाल में भुपई यादव के संबंध समर (ट्यूबवेल) चलाने वाले राजेश उर्फ राजकुमार की पत्नी से होने की बात सामने आई। इसी विवाद को लेकर भुपई को रास्ते से हटाने की साजिश रचे जाने की बात पूछताछ में सामने आई है। पुलिस के मुताबिक राजेश ने शशी देवी को 50 हजार रुपये देने का लालच दिया और उसके भाई रिंकू को भी कथित साजिश में शामिल किया।

जांच के अनुसार : 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे भुपई यादव को शराब पिलाने के बाद खेत में ले जाया गया, जहां धारदार बांके से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके सिर को खेत के कोने में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया, जबकि हत्या में प्रयुक्त बांका और मृतक के कपड़े झाड़ियों में फेंक दिए गए।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए अन्य तथ्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी : शशी देवी, उम्र करीब 45 वर्ष, पत्नी स्वर्गीय गोविंद कुमार, निवासी ग्राम नईगढ़ी मजरा धरौली, थाना संदना, सीतापुर व रिंकू, उम्र करीब 26 वर्ष, पुत्र मटरू उर्फ मास्टर, निवासी ग्राम भरौना, थाना संदना, सीतापुर।

बरामदगी : मृतक भुपई यादव का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त एक धारदार लोहे का बांका, मृतक की काली चेकदार शर्ट, मृतक की सफेद शैण्डो बनियान।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम : थाना संदना थानाध्यक्ष मानसिंह पाल, उप निरीक्षक अबू मो. कासिम, कांस्टेबल सुभान अली,विजय चौधरी, महिला कांस्टेबल स्वाती पाण्डेय,चीना शर्मा, का.चालक सुधांशु कुमारआदि स्वॉट/सर्विलांस टीम निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह, उप निरीक्षक अरविन्द शुक्ला, हेड कांस्टेबल शराफत अली, अविनाश सिंह, राहुल कुमार, सोहनपाल, कांस्टेबल गुरपाल सिंह, दीपक रंजन, प्रशांत शेखर सिंह, शुभम तिवारी, सोनल तोमर, अमित मांगट, दानवीर, भानु, शैंकी, महिला कांस्टेबल, डाली रानी आदि पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *