ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर: तहसील महमूदाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिहारूखेड़ा के मजरा अतरौली में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। गांव में टूटी सड़कें, जर्जर खड़ंजे, गंदगी से भरी नालियां और जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। परेशान ग्रामीणों ने अब इस मामले में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर समाधान की मांग की है।
गांव निवासी एवं वार्ड संख्या-10 के ग्राम पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार पुत्र सुरेश कुमार ने जनता दर्शन के माध्यम से उपमुख्यमंत्री कार्यालय, लखनऊ को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि गांव में विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। मुख्य मार्ग और चकमार्ग लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुके हैं, जिससे लोगों का आवागमन कठिन हो गया है।
उन्होंने बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय के आसपास जलभराव की समस्या बनी रहती है। इससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि राजस्व विभाग और ग्राम विकास विभाग की संयुक्त टीम से गांव का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा नालियों, रास्तों और मुख्य मार्गों की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि समय रहते कार्रवाई होने से गांववासियों को जलभराव और बदहाल रास्तों की समस्या से राहत मिल सकेगी।
