जाफरपुर प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण, बीडीओ ने बच्चों के साथ बैठकर किया मध्याह्न भोजन

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विकासखंड महमूदाबाद की ग्राम पंचायत जाफरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का गुरुवार को खंड विकास अधिकारी सुमित सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना का जायजा लिया और बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता, स्वाद एवं स्वच्छता का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता, नियमितता और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाता है। विद्यालय प्रशासन और ग्राम प्रधान ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को नियत दिवस पर दूध, केला तथा अन्य खाद्य सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।

खंड विकास अधिकारी ने रसोइयों से भी उनके कार्य और मानदेय के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इन मानकों को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कृष्ण पाल सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी सत्यार्थ वर्मा, प्रधान संघ अध्यक्ष बृजेश वर्मा, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, रसोइयां तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने और शिक्षा के साथ उनके समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *