ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालिका), रहीमाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया और कई महत्त्वपूर्ण सुधारात्मक निर्देश जारी किए। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर मिलने पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए कहा कि विद्यालय की सुरक्षा प्रणाली को तत्काल मजबूत किया जाए। उन्होंने परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि हर गतिविधि की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कुल 370 छात्राएं उपस्थित पाई गईं। जिलाधिकारी ने छात्राओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही और निर्देश दिया कि सभी बच्चियों को जूते-मोजे उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही विद्यालय में लगे आरओ प्लांट की जल गुणवत्ता की भी जांच कराई।इसके बाद वे किचन पहुंचे और भोजन के मैन्यू, स्वच्छता तथा बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कक्ष, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और डाइनिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी मिलने पर तुरंत सफाई के निर्देश दिए।
कक्षाओं में पहुंचकर जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं, सुविधाओं तथा शिक्षण वातावरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि शिक्षण प्रक्रिया और अधिक आधुनिक और प्रभावी हो सके। शिक्षकों की उपस्थिति, चिकित्सा व्यवस्था और रजिस्टरों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रधानाचार्य और लेखाकार को सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान छात्रावास भी देखा गया, जहां बेडशीट, शौचालय, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। उन्होंने कहा कि छात्रावास और विद्यालय दोनों में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा परिसर में डस्टबिनों की संख्या बढ़ाई जाए। विद्यालय भवन की बाउंड्री दीवार मानक के अनुरूप ऊंची न मिलने पर उसे बढ़ाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
