ब्यूरो, रिपोर्ट: सीतापुर के विकास खंड पहला के मोहम्मदपुर कलां गांव में मनरेगा योजना के तहत विकास की नई राहें तैयार हो रही हैं। रोजगार सेवक यदुनाथ सिंह उर्फ पप्पू की निगरानी में ऊंचगांव बाजार से ईदगाह तक चकमार्ग निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिक चकमार्ग निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। श्रमिकों के चेहरे पर काम मिलने की ख़ुशी साफ झलकती नजर आई।
गांव के लोगों का कहना है कि रोजगार सेवक यदुनाथ सिंह उर्फ पप्पू लगातार मनरेगा सहित अन्य विकास योजनाओं को जमीनी रूप दे रहे हैं। उनके प्रयासों से न केवल गांव में आवागमन सुविधा बेहतर हो रही है, बल्कि बड़ी संख्या में ग्रामीणों को घर के पास ही रोजगार भी मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि रोजगार सेवक द्वारा कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक है और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे हो रहे हैं।
ग्रामवासियों ने कहा कि पप्पू रोजगार सेवक अपने उच्चाधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर गांव में विकास कार्यों की बाढ़ ला रहे हैं, जिससे यहां के श्रमिकों को रोजी-रोटी के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही। ग्रामीणों की उम्मीदें अब और बढ़ गई हैं कि इसी तरह गांव के अन्य चकमार्ग और आवश्यक सुविधाओं का भी जल्द विकास होगा।
मनरेगा के तहत हो रहे इस कार्य ने साबित कर दिया है कि यदि ईमानदारी और लगन के साथ योजनाओं को अमल में लाया जाए तो विकास किसी भी दरवाज़े पर दस्तक दे सकता है।
