ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर में स्थित सरकारी महिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटवाया। यह कार्रवाई दोपहर करीब 12 बजे की गई, जिसमें अस्पताल की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
स्थानीय प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद उसी स्थान पर नई बाउंड्री वॉल के निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया गया है, ताकि भविष्य में दोबारा किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके। कार्रवाई के दौरान यह विशेष ध्यान रखा गया कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के समय महमूदाबाद उपजिलाधिकारी बी.के. सिंह, क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार अनिल कुमार, नायब तहसीलदार, नगर पालिका के कर्मचारी तथा कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पूरे अभियान को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए अस्पताल परिसर को सुरक्षित बनाए जाने की सराहना की है।
