सीतापुर: खालगांव के पहाड़ापुर में बन रहा अलौकिक खाटू श्याम मंदिर, फरवरी 2026 में मंदिर की होगी प्राण-प्रतिष्ठा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र अंतर्गत खालगांव के पहाड़ापुर गांव में श्रद्धा, आस्था और एकजुटता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिल रहा है। ग्राम प्रधान चन्द्रपाल यादव के सुपुत्र एवं श्याम प्रेमी 22 वर्षीय मोहित यादव द्वारा अपने प्रथम खाटू श्याम यात्रा से प्रेरित होकर गांव में भव्य खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। यह कार्य क्षेत्र के श्याम भक्तों की सहमति और सहयोग से निरंतर प्रगति पर है।

निर्माणाधीन इस मंदिर में तीन प्रमुख आसन बनाए गए हैं। प्रथम आसन पर बांके बिहारी लाल एवं राधा रानी, दूसरे आसन पर श्री खाटू श्याम बाबा तथा तीसरे आसन पर श्री सालासर बालाजी की प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। मंदिर के पूर्ण होने के बाद पहाड़ापुर गांव में एक दिव्य और अलौकिक दृश्य देखने को मिलेगा।

श्याम प्रेमी मोहित यादव ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से लगातार कराया जा रहा है। वर्तमान में मंदिर भवन के साथ-साथ प्रवेशद्वार, श्याम भवन, यज्ञ स्थल सहित अन्य संरचनाओं का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। विशेष बात यह है कि मंदिर का डिजाइन और आकार राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है।

इस मंदिर की संपूर्ण डिजाइन और निर्माण कार्य अमेठी जनपद के वरिष्ठ मिस्त्री शिव कुमार द्वारा किया जा रहा है। मोहित यादव के अनुसार, यह सीतापुर जनपद का पहला ऐसा खाटू श्याम मंदिर होगा, जो राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर की झलक प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2026 के फरवरी माह में मंदिर की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कई जनपदों से श्रद्धालु पहुंचकर श्री खाटू श्याम बाबा के दर्शन-पूजन करेंगे। यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक गौरव को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *