ब्यूरो रिपोर्ट,वाराणसी : आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र राजातालाब और लालपुर में मासिक विद्युत सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लाइनमैनों को कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी देना तथा विद्युत दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एसडीओ मुकेश यादव (राजातालाब) एवं एसडीओ राजेश कुमार यादव (लालपुर) के नेतृत्व में किया गया। इसमें उपखंड के सभी संविदा कुशल एवं अकुशल लाइनमैनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने लाइनमैनों को सुरक्षा उपकरणों के सही एवं नियमित उपयोग की आवश्यकता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड ग्लव्स, सेफ्टी शूज सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने से कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अधिकारियों ने विद्युत लाइनों पर कार्य प्रारंभ करने से पूर्व अपनाई जाने वाली आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं और विभागीय मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्युत आपूर्ति बंद करने की प्रक्रिया, उपकरणों की पूर्व जांच, कार्यस्थल पर बरती जाने वाली सावधानियां तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के तरीकों की भी जानकारी दी गई।
एसडीओ एवं अवर अभियंताओं ने कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी न केवल कर्मचारियों के जीवन के लिए जोखिम पैदा करती है, बल्कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है कि वह निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए अपने कार्यों का निष्पादन करे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर सभी लाइनमैनों को विद्युत सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाकर विद्युत दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
