महमूदाबाद की बेटी ने रचा इतिहास, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान किया हासिल,बधाई

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: हरिद्वार स्थित शांतिकुंज द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में महमूदाबाद क्षेत्र की छात्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है। छात्रा की सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और विभिन्न वर्गों के लोगों द्वारा उसे बधाइयाँ दी जा रही हैं।

महमूदाबाद के परीक्षा नियंत्रक रघुवंश सिंह के अनुसार तहसील क्षेत्र में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 9,381 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रदेश स्तर पर शांतिकुंज, हरिद्वार में मूल्यांकन के बाद घोषित परिणामों में सीता इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा बबिता यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी को गौरवान्वित किया। सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी ने बताया कि बबिता यादव को आगामी 12 अप्रैल को अयोध्या धाम स्थित शांतिकुंज के जोनल कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

बबिता की इस उपलब्धि पर पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, विधायक महमूदाबाद आशा मौर्या, विधायक सेवता ज्ञान तिवारी, एमएलसी पवन सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. अम्मार रिजवी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएँ दी हैं। और यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *