ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर पालिका के वार्ड श्यामदासपुर स्थित आशुतोष बृजमोहन लाल मेमोरियल कॉलेज में सीबीएसई के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को किशोरों की समस्याओं को समझने, उन्हें सही परामर्श देने तथा उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख प्रशिक्षक अपर्णा अवस्थी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से शिक्षक विद्यार्थियों को जिम्मेदार, जागरूक और स्वस्थ नागरिक बनने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य फोकस जीवन कौशल आधारित शिक्षा पर है, जिससे शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा में मार्गदर्शन दे सकें।
प्रशिक्षण के दौरान सीबीएसई द्वारा नामित प्रशिक्षक अपर्णा अवस्थी और कविता बेदी ने किशोर शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों को किशोरावस्था से जुड़ी शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए विस्तृत जानकारी दी। इसमें किशोर स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, नशा मुक्ति, एचआईवी/एड्स से बचाव, जीवन कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
इसके साथ ही शिक्षकों को समूह चर्चा, “प्रश्न बॉक्स” तकनीक, रोल प्ले, केस स्टडी और सहभागितापूर्ण शिक्षण विधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को समझने और उनका समाधान करने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। प्रशिक्षण के अंतिम दिन शिक्षकों को विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यवहार और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रबंधक किरन वाजपेयी, डिप्टी चेयरमैन आंजनेय आशीष वाजपेयी एवं प्रधानाचार्य आलोक सिंह ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त अनुभवों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उपयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षक रवि शुक्ल, ऋतुजा वाजपेयी, शशांक शेखर, मोहित वर्मा, दीक्षा तिवारी, पीयूष चौबे, सचिन गुप्ता सहित लगभग 60 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
