ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर : महमूदाबाद में सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय गणित दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना और इसके व्यावहारिक महत्व से उन्हें अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिव शक्ति अखाड़ा, कानपुर के प्रमुख महंत मधुराम शरण शिवा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गणित हमारे दैनिक जीवन से लेकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी, वित्त और कला तक हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गणित न केवल तार्किक सोच और समस्या-समाधान क्षमता को विकसित करता है, बल्कि सही निर्णय लेने और नवाचार की दिशा में भी मार्गदर्शन करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के सिद्धांतों और नियमों को अपने जीवन में अपनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संस्था के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी ‘विरल’ ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में अनुशासन के साथ सभी विषयों का लगनपूर्वक अध्ययन करने से निरंतर प्रगति संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारों को अपनाने की भी प्रेरणा दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सरस्वती वंदना से प्रारंभ हुए इस आयोजन में विद्यार्थियों ने रामानुजन की जीवनी, गणित की पाठशाला, संख्याओं का महत्व तथा विभिन्न गीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से गणित विषय की उपयोगिता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा गणित विषय से संबंधित लगभग एक दर्जन मॉडल भी प्रदर्शित किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से कक्षा आठ तक पहाड़ा प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों सहित कुल 148 विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार देकर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य, नाटक, कविता, भाषण और शंखनाद जैसी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रतिष्ठा वर्मा, वेदांगी पटेल एवं आरूषी मौर्या ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का स्वागत जूनियर वर्ग के प्रधानाचार्य अनंत रत्नम् एवं उप प्रधानाचार्य नीरज वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर रितिक शरण, दीपांशु शरण, शिवजी, अतुल वर्मा, धनंजय, मृत्युंजय वाजपेयी, सांस्कृतिक प्रमुख मंजू सिंह, श्रद्धा श्रीवास्तव, शिशुभारती प्रमुख निधि गुप्ता, व्यवस्था प्रमुख उमेश यादव, ओम प्रकाश, गायत्री जायसवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थी
सरस्वती वंदना में ऋषिका सिंह, अनन्या गुप्ता, पूर्ति वर्मा, आराध्या वर्मा; गीत में अनुज्ञा गुप्ता, अनुष्का तिवारी, अनुष्का वर्मा, अनुरागिनी दीक्षित, आकांक्षा यादव; शंखनाद में अंशिका यादव, आंचल वर्मा; नृत्य में दिव्यांशी वर्मा, अवंतिका वर्मा, अनुप्रिया वर्मा; कविता में अक्षिता गुप्ता, आरूषी वर्मा; नाटक में अक्षया मिश्रा, वैदेही, शिवांशी सिंह, महक बाल्मीकि, सौम्या, आरजू तथा भाषण में आकांक्षा वर्मा एवं कक्षा आठ की छात्रा निशा जायसवाल ने स्वरचित रचना प्रस्तुत कर विशेष सराहना प्राप्त की।
