खेल केवल मनोरंजन नहीं, राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं” – रंजीत यादव

ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: विकास खंड पहला क्षेत्र स्थित जनता जूनियर हाई स्कूल, दुघरा बाजार में रॉयल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तीन मैचों की क्रिकेट श्रृंखला का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष, यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन एवं जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी वार्ड 59 रंजीत यादव (रिशू) ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए रंजीत यादव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए युवाओं से खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
क्रिकेट श्रृंखला का फाइनल मुकाबला राइजिंग स्टार्स 11 और रॉयल स्ट्राइकर 11 के बीच खेला गया, जिसमें राइजिंग स्टार्स 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार्स ने 10 ओवरों में 131 रन बनाए, जिसमें जो प्लेस ने 69 रनों की बेहतरीन पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल स्ट्राइकर 11 की टीम 73 रन पर सिमट गई।
मैच के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, मैन ऑफ द मैच को बैट-बॉल भेंट किया गया तथा श्रृंखला के शीर्ष तीन बल्लेबाजों को स्पोर्ट्स टी-शर्ट प्रदान की गई। कार्यक्रम में सुन्दरम हॉस्पिटल के डायरेक्टर अमन यादव सहित अनेक क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *