विद्यार्थियों को किताबों के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी : कुंवर दिनकर प्रताप सिंह

सीता इंटर कॉलेज में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रहकर व्यावहारिक जीवन का भी ज्ञान अर्जित करना चाहिए, क्योंकि केवल किताबी ज्ञान से अच्छे अंक तो प्राप्त किए जा सकते हैं, लेकिन जीवन में सफलता के लिए अनुभव और व्यवहारिक समझ भी उतनी ही जरूरी है। यह विचार कसमंडा स्टेट के उत्तराधिकारी कुंवर दिनकर प्रताप सिंह ने सीता इंटर कॉलेज के शास्त्री सभागार में आयोजित आशुतोष बृजमोहन लाल मेमोरियल इंटर कॉलेज के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

कुंवर दिनकर प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर पूरे मनोयोग से अध्ययन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सहगामी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

कार्यक्रम के दौरान त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले 88 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 35 विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर कुंवर दिनकर प्रताप सिंह एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश वर्मा ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन रमेश वाजपेई विरल, प्रधानाचार्य डॉ. कुमार आलोक सिंह, उपप्रधानाचार्य रवि शुक्ला, शिशु भारती प्रमुख दीक्षा तिवारी, क्रीड़ा प्रमुख पुष्पराज सिंह, परीक्षा प्रमुख ललित अवस्थी तथा पीटीआई पीयूष चौबे सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन शशांक शुक्ल ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रधानाचार्य कुंवर आलोक सिंह द्वारा किया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *