सिधौली इलाके के गढ़ी चौराहे पर जर्जर ट्रांसफार्मर से हादसे का खतरा, शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग बेखबर

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: तहसील सिधौली इलाके के अटरिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ी चौराहे पर लंबे समय से जर्जर और अव्यवस्थित स्थिति में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। ट्रांसफार्मर के आसपास लताएं और झाड़ियां उग आई हैं, जबकि चौराहे पर दिनभर ग्रामीणों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सौरभ गुप्ता, सदस्य जिला युवा सलाहकार समिति, युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं महामंत्री भारतीय जनता पार्टी, मंडल अटरिया, ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर लंबे समय से बदहाल स्थिति में है और सुरक्षा के लिहाज से भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

सौरभ गुप्ता के मुताबिक इस समस्या को लेकर आकाश प्रताप सहित कई ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को व्हाट्सएप संदेश, लिखित शिकायत और मौखिक रूप से कई बार अवगत कराया है। इसके बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराने या उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि व्यस्त चौराहे पर इस तरह जर्जर हालत में पड़ा विद्युत ट्रांसफार्मर कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। यदि समय रहते विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

तत्काल मरम्मत और फेंसिंग की मांग : सौरभ गुप्ता ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों एवं प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफार्मर की तत्काल जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराई जाए। साथ ही ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा जाल (फेंसिंग) लगवाने और आसपास उगी झाड़ियों व लताओं को हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया तो ग्रामीणों और युवाओं को साथ लेकर विभागीय अधिकारियों की कथित लापरवाही के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी हादसे की आशंका को देखते हुए ट्रांसफार्मर की स्थिति जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *