बाल कवियों की प्रस्तुति से गूंजा संकटा धाम, काव्य पाठ ने मोहा मन

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में स्थित
माँ संकटा देवी मंदिर के सांस्कृतिक मंच पर मंगलवार देर रात आयोजित अखिल भारतीय बाल कवि सम्मेलन में नन्हे कवियों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। सधी हुई वाणी, आत्मविश्वास और भावपूर्ण काव्य पाठ ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा परिसर देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन व वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न बाल कवियों ने देश के ख्यातिप्राप्त रचनाकारों की कविताओं का प्रभावशाली पाठ प्रस्तुत किया। देशभक्ति, ओज, हास्य और संवेदनशील भावनाओं से परिपूर्ण रचनाओं ने कार्यक्रम को विविध रंगों से सराबोर कर दिया और दर्शकों को बांधे रखा।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों के माध्यम से बाल कलाकारों का मनोबल बढ़ाया।

इनसेट: मेला महोत्सव के क्रम में गुरुवार को संकटा धाम में संध्या आरती के उपरांत रात्रि 8 बजे प्रसिद्ध आल्हा गायिका नेहा सिंह अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *