ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद क्षेत्र स्थित बाबू राम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, बिलौली बाजार की होनहार बेटियों ने उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में अभूतपूर्व सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल—दोनों वर्गों में छात्राओं ने प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
इंटरमीडिएट की मेधावी छात्रा शिखा वर्मा ने 97.60% अंक अर्जित कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हाईस्कूल की छात्रा कशिश वर्मा ने 97.83% अंक प्राप्त कर यूपी टॉपर बनकर विद्यालय और जनपद का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, विद्यालय परिसर तालियों और खुशियों से गूंज उठा।
हाईस्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन : कशिश वर्मा – 97.83% (प्रदेश में प्रथम), अर्पिता – 97.33% (प्रदेश में तृतीय), अंकित कुमार – 96.67% (प्रदेश में सातवां स्थान), शगुन – 96.33% (प्रदेश में नौवां स्थान) , अनुराधा वर्मा – 96.17% (प्रदेश में दसवां स्थान)
इंटरमीडिएट में भी शानदार उपलब्धि : शिखा वर्मा – 97.60% (प्रदेश में प्रथम), अनुष्का यादव – 96.60% (प्रदेश में पांचवां स्थान), मांसी पोरवाल – 96.40% (प्रदेश में छठा स्थान), वैष्णी – 96.40% (प्रदेश में छठा स्थान), बाबू राम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली एवं प्रकाश विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, महमूदाबाद के कुल 9 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर जिले की शैक्षिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
टॉपर्स की जुबानी सफलता का राज , शिखा वर्मा (इंटरमीडिएट टॉपर) ने कहा कि : “मेरी सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता और शिक्षकों को जाता है। मैंने नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और लगातार अभ्यास पर ध्यान दिया। मेरा लक्ष्य है कि आयकर विभाग में (सिविल सेवा ) में जाकर समाज की सेवा करना है।”
कशिश वर्मा (हाईस्कूल टॉपर): “मैंने कभी रटने के बजाय समझकर पढ़ाई की। शिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का समर्थन मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा। आगे चलकर मैं शिक्षिका बनकर छात्र छात्राओं समेत अन्य लोगों की सेवा करना चाहती हूं।
संस्थान ने जताया गर्व : ओम प्रकाश वर्मा (प्रबंधक, प्रकाश ग्रुप ऑफ कॉलेजेज) ने कहा कि “यह उपलब्धि हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि सही दिशा और मार्गदर्शन मिले, तो वे किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं। हम शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।”
सम्मान और बधाइयों का दौर : इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र में जश्न का माहौल है। डॉ. प्रतीक सिंह, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अम्बरीष गुप्ता सहित कई गणमान्य लोगों ने विद्यालय पहुंचकर टॉपर्स को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया ।और वहीं सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर, जिला विद्यालय निरीक्षक सीतापुर तथा शिक्षा मंत्री ने भी यूपी टॉपर्स छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रेरणा बनीं सीतापुर की बेटियां : सीतापुर की इन बेटियों की सफलता न सिर्फ एक उपलब्धि है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। इन्होंने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इन होनहार छात्राओं ने अपने सपनों को सच कर दिखाया है और अब वे हजारों अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
