ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : जनपद में वर्ष 2025 के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाए गए। इन अभियानों के अंतर्गत संगठित अपराध, माफिया, इनामिया अपराधी, साइबर ठग, शराब व मादक पदार्थ तस्कर तथा महिला अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों में स्पष्ट संदेश गया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
निरोधात्मक कार्रवाई से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण: वर्ष 2025 में गैंगस्टर एक्ट के तहत 28 अभियोग पंजीकृत कर 97 अपराधियों पर कार्रवाई की गई। गुंडा अधिनियम के अंतर्गत 176 अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनमें से 19 अपराधियों को जिला बदर घोषित किया गया।
शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत 312 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर 285 अवैध हथियार, 325 कारतूस, 53 धारदार हथियार तथा एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया गया।
अवैध शराब : के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 1607 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इस दौरान 128 पेटियों में 4,968 बोतल अंग्रेजी शराब, 21,156 लीटर कच्ची शराब तथा 36 अवैध भट्टियाँ नष्ट की गईं।
मादक पदार्थों : के विरुद्ध कार्रवाई में गांजा, अफीम, मार्फीन और स्मैक सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद कर 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
5308 वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी : हत्या, डकैती, लूट, झपटमारी, नकबजनी, बलात्कार, गैंगस्टर, दहेज हत्या, गैर इरादतन हत्या तथा अन्य गंभीर अपराधों में वांछित कुल 5308 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
अवैध संपत्तियों पर सीधी कार्रवाई : गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत 5 प्रकरणों में 3 करोड़ 51 लाख 96 हजार रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई। वर्ष के दौरान 129 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई तथा 13 नए आपराधिक गैंग पंजीकृत किए गए।
मुठभेड़ों में इनामिया अपराधियों पर शिकंजा : वर्ष 2025 में 12 पुलिस मुठभेड़ों में 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2 इनामिया अपराधी मारे गए। 32 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड में वांछित दो एक-एक लाख रुपये के इनामिया अपराधियों को एसटीएफ और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया।
चोरी, लूट और नकबजनी के मामलों का अनावरण : चोरी के 94 मामलों का अनावरण कर 227 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और लगभग 33 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
वाहन चोरी : के 57 मामलों में 113 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर 57 वाहन और लगभग 36 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
नकबजनी : के 107 मामलों में 251 अभियुक्त गिरफ्तार कर लगभग 37 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
लूट के सभी 13 मामलों का शत-प्रतिशत अनावरण कर 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
धर्मांतरण और संगठित अपराध पर सख्ती : धर्मांतरण से संबंधित 8 अभियोग दर्ज कर 23 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
महिला, बाल सुरक्षा और मानवीय कार्य : ऑपरेशन मुस्कान के तहत 146 लापता व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया, जिनमें 82 बालिकाएं और 64 बालक शामिल हैं।
मिशन शक्ति :और एंटी रोमियो अभियान के अंतर्गत शोहदों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई तथा 160 पारिवारिक विवादों को सुलझाकर परिवारों को पुनः जोड़ा गया। बिसवां क्षेत्र में एक महिला की आत्महत्या के प्रयास को समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप कर बचाया।
साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण : साइबर अपराध से पीड़ित लोगों के 35.70 लाख रुपये वापस कराए गए।
357 फर्जी या हैक सोशल मीडिया खातों पर कार्रवाई की गई तथा 890 गुम या चोरी हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए। अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा कर 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके खातों से करीब 12 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला।
यातायात, जनसुनवाई और ऑनलाइन सेवाएं : यातायात नियमों के उल्लंघन में 1,32,734 वाहनों का चालान किया गया, 583 वाहन सीज किए गए और करीब 18.83 करोड़ रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
जनसुनवाई के तहत प्राप्त अधिकांश शिकायतों का निस्तारण किया गया। ऑनलाइन माध्यम से 25,858 डिजिटल चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए गए।
सतत पैरवी से दोषियों को सजा : निरंतर पैरवी के परिणामस्वरूप 1126 अभियोगों में 1428 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। हत्या के मामलों में 55 अभियुक्तों को आजीवन कारावास तथा महिला अपराधों में कड़ी सजाएँ सुनिश्चित की गईं।
तकनीकी और आधारभूत विकास : जनपद में 155 कैमरों से युक्त अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। पुलिस लाइन में इंटीग्रेटेड लाइब्रेरी, कंप्यूटर कक्ष और आधुनिक शस्त्रागार का निर्माण कर प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।
निष्कर्ष : वर्थ 2025 सीतापुर पुलिस के लिए सख्त कार्रवाई, संवेदनशीलता और आधुनिक पुलिसिंग का उदाहरण रहा। अपराधियों पर कठोर प्रहार और आमजन के प्रति सहयोगात्मक रवैये से जिले में कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिली।
