नवागत बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल का राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने किया भव्य स्वागत

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: जनपद में नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. गोरखनाथ पटेल के पदभार ग्रहण करने पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, महमूदाबाद इकाई के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान महासंघ की ओर से डॉ. पटेल को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्वागत समारोह में महासंघ के अध्यक्ष संदीप वर्मा, महामंत्री पुनीत वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीयूष कुमार, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार, मंत्री विवेक विमल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने नवागत बीएसए का अभिनंदन करते हुए उनसे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने संगठन के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सहयोग से ही शैक्षिक गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव है।

डॉ. पटेल ने आश्वासन दिया कि शिक्षकों से संबंधित लंबित प्रकरणों का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण, संसाधनों की उपलब्धता और छात्रहित से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

महासंघ के पदाधिकारियों ने भी इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को बीएसए के समक्ष रखा। डॉ. पटेल ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक सहयोग और समन्वय का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने डॉ. गोरखनाथ पटेल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

साथ ही आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *